![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में पुरानी रंजिश और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में 28 वर्षीय युवक की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी गई। युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजन उसे सिद्धार्थनगर के सीएचसी लोटन ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक खड़खोड़ा गांव निवासी हजारी (28) पुत्र राजकुमार मछली पालन का काम करता था। वह परिवार के साथ गांव में रहता था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे कुछ लोग उसके घर पहुंचे। इसी दौरान पुराने विवाद और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान हजारी पर कुदाल से हमला कर दिया गया। सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सीएचसी लोटन, सिद्धार्थनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर ली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
करीब 10 साल पहले गांव में आया था हजारी
ग्रामीणों के मुताबिक, हजारी करीब 10 वर्ष पहले खड़खोड़ा गांव में आया था। बाद में उसने जमीन लेकर गांव में अपना घर बना लिया और यहीं रहने लगा। उसके दो बच्चे भी उसके साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि पत्नी से अनबन के चलते वह अलग रह रही थी।
दूसरी बिरादरी की युवती से प्रेम प्रसंग की चर्चा
ग्रामीणों का दावा है कि हजारी का दूसरी बिरादरी की एक युवती से कथित प्रेम प्रसंग था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। रविवार रात युवती के परिजनों के हजारी के घर पहुंचने के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आ रही है।


