![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की पथलहवा समवाय की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को तिरंगा पैदल मार्च निकाला गया। रैली में सीमावर्ती क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय भेड़ीहारी, बहुआर के करीब 160 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पथलहवा समवाय के उपनिरीक्षक युवराज सिंह ने बताया कि रैली के माध्यम से विद्यार्थियों और सीमावर्ती ग्रामीणों को तिरंगे के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
रैली के दौरान विद्यार्थियों और जवानों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। इससे सीमावर्ती क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। एसएसबी जवानों ने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार यादव, मुकेश कुमार, अभिषेक कुमार, दिनेश शर्मा, ग्राम प्रधान दुष्यंत सिंह समेत एसएसबी और राहत-बचाव दल के जवान मौजूद रहे।


