Loading

गड्ढे में पलटी पिकअप

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी

झुलनीपुर। निचलौल थाना क्षेत्र के भारत नेपाल बार्डर के करीब झुलनीपुर नहर पटरी मार्ग स्थित अमडी पुल के पास सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गड्ढे में पलट गई। इस दौरान पिकअप सवार 18 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग काफी मशक्कत कर पिकअप से श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। उसके बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने तीन घायलों की हालत बिगड़ते देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा था। हादसे के दौरान लोगों में घंटों तक चीख पुकार मची रही। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव निपनिया से कुछ लोग एक पिकअप से सवार होकर बिहार स्थित मदनपुर माता मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहे थे। पिकअप सवार सभी श्रद्धालु अभी पंचमुखी शिवमंदिर से आगे निचलौल थाना क्षेत्र के झुलनीपुर नहर पटरी मार्ग स्थित अमडी पुल के पास पहुंचे थे। इसी बीच श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। इस दौरान पिकअप सवार नंदलाल (55) जालंधर (56) अभिषेक (4) रानी (40) ओमप्रकाश (65) कैलाशी (50) भुटेली (50) प्रदीप (18) भुआल (20) मीरा (35) चंद्रवती (40) के अलावा सात अन्य सहित कुल 18 लोग घायल हो गए। इनमें से 11 घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर घायल ओमप्रकाश, भुटेली और प्रदीप की हालत बिगड़ते देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि अन्य सात घायलों को मामूली चोट लगने के चलते निजी क्लिनिक पर दवा कराकर घर लौट गए। बताया जा रहा है कि हादसे की शिकार हुई पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंच घायलों को लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। मामले में तहरीर मिलने पर जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!