![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। सिसवा नगर पालिका परिषद को पहली बार अपनी एंबुलेंस सेवा मिलने जा रही है। नगर पालिका की ओर से उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जनता की सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा। इससे नगर क्षेत्र और आसपास के लोगों को इलाज के लिए अस्पतालों तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष शकुन्तला जायसवाल और प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल की पहल से शुरू होने वाली इस सेवा का लाभ जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा। एंबुलेंस के माध्यम से गंभीर मरीजों को स्थानीय अस्पतालों के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर गोरखपुर और लखनऊ तक ले जाने की सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक नगर क्षेत्र के लोगों को आपात स्थिति में निजी एंबुलेंस पर निर्भर रहना पड़ता था। इसके लिए उन्हें कई बार मनमाना किराया भी चुकाना पड़ता था। नगर पालिका की अपनी एंबुलेंस सेवा शुरू होने से ऐसे परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार एंबुलेंस का उद्देश्य विशेष रूप से आपात स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी या अन्य चिकित्सकीय जरूरत के समय मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में यह सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नगर पालिका की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका की ओर से एंबुलेंस सेवा शुरू किया जाना जनहित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी आपातकालीन समय में काफी मदद मिलेगी। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के सौजन्य से शुरू होने वाली इस सेवा को 15 अगस्त को औपचारिक रूप से जनता को समर्पित किया जाएगा।

