ध्वनि प्रदूषण पर महराजगंज पुलिस का शिकंजा, 261 डीजे संचालकों को नोटिस

देश ब्रेकिंग न्यूज़ राज्य

Loading

Maharajganj khabar live
महराजगंज। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस ने धार्मिक स्थलों, मैरिज हॉलों और डीजे संचालकों की जांच कर मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 261 डीजे संचालकों को नोटिस जारी किया गया। जबकि मानक के विपरीत लगे 39 लाउडस्पीकर उतरवाकर हटाए गए। वहीं, तय सीमा से अधिक आवाज में बज रहे 95 लाउडस्पीकरों का वॉल्यूम मौके पर ही कम कराया गया।
पुलिस के अनुसार, शासन की मंशा और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने मंदिरों, मस्जिदों, मैरिज हॉलों और डीजे संचालकों के यहां पहुंचकर ध्वनि मानकों की जांच की। निर्धारित समय-सीमा और तय डेसिबल से अधिक आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों को चिह्नित कर नोटिस जारी किया गया। इतना ही नही अभियान के दौरान धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की भी जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, शासन की अनुमति के बिना या निर्धारित मानकों के विपरीत लगाए गए 39 लाउडस्पीकरों को उतरवा दिया गया। इसके अलावा, मानक से अधिक आवाज में बज रहे 95 लाउडस्पीकरों की जांच कर उनका वॉल्यूम निर्धारित सीमा के अनुरूप कराया गया। कार्रवाई के साथ पुलिस ने थाना स्तर पर धर्मगुरुओं, प्रबुद्ध लोगों और डीजे संचालकों के साथ संवाद भी किया। उन्हें ध्वनि प्रदूषण से संबंधित न्यायालय और शासन की गाइडलाइन की जानकारी दी गई। पुलिस ने कहा कि तेज आवाज के कारण वृद्धजनों, बीमार लोगों और विद्यार्थियों को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अधिकारियों को ध्वनि मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।