![]()

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महराजगंज दौरे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर 203 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चूंकि कार्यक्रम स्थल भारत-नेपाल सीमा के समीप स्थित है, इसलिए सीमा क्षेत्र में भी सुरक्षा एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और खुफिया एजेंसियों की तैनाती की जा रही है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वह प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जनता के सामने रखेंगे। साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से जिले को नई सौगात देंगे।
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी के नवनिर्मित आवास पर आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम और सुंदरकांड पाठ में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए है।


