![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। भारत-नेपाल सीमा से सटे गांवों में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पथलहवा समवाय की ओर से मंगलवार को ग्राम गेडहवा स्थित पंचायत भवन में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायत भवन से बलुआ टोला तक जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन 22वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के निर्देशन में हुआ। सहायक कमांडेंट संदीप कुमार सिंह एवं निरीक्षक (सामान्य) अरुण कुमार पांडेय ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली पर भी प्रतिकूल असर डालता है। अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही ग्रामीणों से अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिनेश शर्मा, रामनयन, त्रिलोकी, शमशूल, रवि प्रताप, सुरेश, केवली देवी, शोभा देवी, फूला देवी एवं शकुंतला सहित 35 महिलाओं और 30 पुरुषों ने सहभागिता की।

