![]()

सड़क शिलान्यास के लिए पूजन करते विधायक
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
निचलौल। सिसवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तर प्रदेश पंचायतीराज समिति के सभापति प्रेम सागर पटेल ने गुरुवार को भारत-नेपाल सीमा से सटे बहुआर गांव में सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर शिलान्यास किया। सड़क निर्माण की सौगात मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
निर्माण कार्य के तहत पंचायत भवन से पश्चिम स्थित विनय पटेल के घर तक तथा नरेंद्र दीक्षित एवं वीरेंद्र यादव के घर से बहुआर खुर्द तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। बरसात के दिनों में कच्चा मार्ग कीचड़युक्त हो जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीसी सड़क बनने के बाद ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
शिलान्यास के अवसर पर विधायक प्रेम सागर पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्रत्येक गांव तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यहां के लोगों को भी बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। इस दौरान विनय पटेल, राम निधि पटेल, अरविंद, रामदास, धर्मेंद्र दास, महेंद्र यादव, रोहित प्रताप, पवन पटेल, श्याम सुंदर गुप्ता, अंबरीश तिवारी, हैदर अली, महेंद्र दुबे सहित ग्रामीण मौजूद रहे।


