Advertisement

बृजमनगंज में महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार; चोरी के गहने गलाकर बनाई थी सोने की टिकिया

Loading

गिरफ्तार आरोपी

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। बृजमनगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को आभूषण चोरी की घटना का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह की पांच महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के सोने के आभूषणों को गलाकर बनाई गई 5.57 ग्राम की पीली धातु की टिकिया, वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चार की-पैड मोबाइल फोन और नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 17 जुलाई को बृजमनगंज क्षेत्र के एक सर्राफा प्रतिष्ठान से सोने के आभूषण चोरी होने की घटना हुई थी। इस संबंध में बड़हरा इंद्रदत्त निवासी नूर मोहम्मद की तहरीर पर बृजमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, गांडीव पोर्टल तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहनता से जांच की गई। इसके आधार पर मुख्य आरोपी मंजू पत्नी विजय बहादुर पासवान की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार मंजू पहले भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुकी है। उसकी निशानदेही पर गिरोह की अन्य महिला सदस्यों और वारदात में प्रयुक्त ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
रिश्तेदार मिलकर देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह की सभी महिलाएं आपस में रिश्तेदार हैं। वे सुनियोजित तरीके से विभिन्न जिलों के बाजारों और भीड़भाड़ वाले सर्राफा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाती थीं। गिरोह की कुछ महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानदार को बातचीत और सामान दिखाने में उलझाए रखती थीं, जबकि अन्य सदस्य मौका मिलते ही आभूषण चोरी कर लेती थीं। वारदात के बाद सभी अलग-अलग निकल जाती थीं, जिससे किसी को संदेह न हो।
पुलिस के मुताबिक गिरोह हमेशा एक ही ऑटो रिजर्व कर घटनास्थल तक पहुंचता और वापस लौटता था, ताकि बाहरी लोगों से संपर्क न हो और पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। चोरी के बाद आरोपी कुछ दिनों के लिए धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर चले जाते थे। चोरी के सोने के आभूषणों को तुरंत गलाकर पीली धातु की टिकिया बना दी जाती थी, जिससे उनकी पहचान मिट जाए और उन्हें आसानी से बेचा जा सके।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.57 ग्राम की एक पीली धातु की टिकिया, वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चार की-पैड मोबाइल फोन और 12,580 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों की भी जांच कराई जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मंजू पत्नी विजय बहादुर पासवान निवासी आराजी मतौनी, कुसुमी बाजार, थाना एम्स, गोरखपुर; सरिता पत्नी रामभवन, सोना पत्नी छोटेलाल, कुन्ती पत्नी जत्तन और मंजू पत्नी राजेश, सभी निवासी सूबा बाजार, थाना खोराबार, गोरखपुर तथा इंदल पुत्र गामा निवासी पोछिया ब्रह्मस्थान, थाना झंगहा, गोरखपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मंजू के खिलाफ महराजगंज और गोरखपुर जनपद में चोरी के चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।
error: Content is protected !!