![]()

रोते बिलखते परिजन
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। बरवा द्वारिका के पास तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, रजवल मदरहा गांव निवासी चचेरे भाई कृष्णा (22) और शिवलाल (20) शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे बाइक से घर से निकले थे। देर रात जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी बरवा द्वारिका के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि शिवलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान कृष्णा ने भी दम तोड़ दिया।
इस संबंध में कोठीभार थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभी तक मृतकों के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।


