Advertisement

बारिश में धंसा पुलिया का एप्रोच, निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल, बैठवलिया-भेडियारी मार्ग पर आवागमन प्रभावित

Loading

पुल का धंसा एप्रोच

झुलनीपुर। विकासखंड निचलौल क्षेत्र के बैठवलिया से कलनहीं तक करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गई है। सड़क निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, लेकिन जगह-जगह कटान शुरू होने और बैठवलिया-भेडियारी मार्ग पर नवनिर्मित पुलिया का एप्रोच करीब दो फीट धंस जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है। साथ ही राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
बैठवलिया हनुमान मंदिर से गड़ौरा, मिश्रौलिया, गोसाईपुर, चरभरिया होते हुए कलनहीं तक जाने वाले इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का शिलान्यास वर्ष 2025 में विधायक प्रेम सागर पटेल ने किया था। सड़क बनने से भाठ क्षेत्र के किसानों को गन्ना सहित अन्य कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलने की उम्मीद थी। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क किनारे कई स्थानों पर कटान शुरू हो गया है। वहीं निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी बैठवलिया नहर के पास बनी नई पुलिया पर है, जहां एप्रोच करीब दो फीट धंस गया है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ राहगीरों को भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और धंसे हुए एप्रोच की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
उधर, कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों का कहना है कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं है। लगातार और अधिक बारिश के कारण पुलिया का एप्रोच धंस गया है। इसकी जानकारी मिलते ही मरम्मत की तैयारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसे दुरुस्त करा दिया जाएगा।
error: Content is protected !!