![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर झुलनीपुर बीओपी के सशस्त्र सीमा बल की टीम शुक्रवार को 10 लाख नेपाली मुद्रा के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार कर ली। युवक के पास से एक बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। टीम मामले में आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी और बरामद मुद्रा को निचलौल कस्टम को सुपुर्द कर दिया है।
एसएसबी उप निरीक्षक धनबीर सिंह रावत ने बताया कि चौकी शीतलापुर को सूचना मिली थी कि एक नेपाली नागरिक भारत से नेपाल की ओर सीमा स्तंभ संख्या 501 के पास स्थित ओपी पोस्ट रेंगहिया के रास्ते अवैध रूप से सामान ले जाने का प्रयास कर रहा है। उक्त सूचना के बाद एसएसबी की टीम सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान भारत की ओर से नेपाल की ओर एक तेज रफ्तार बाइक दिखाई दी। जिसे रोकने की कोशिश की, तो वह एसएसबी जवानों को देखने भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शिव कुमार कोइरी निवासी ग्राम बसहिया, थाना बसहिया, जिला नवलपरासी (नेपाल) के रूप में बताया है। तलाशी के दौरान युवक के पास से 10 लाख नेपाली मुद्रा बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने आगे बताया कि उसे निचलौल निवासी प्रवीण कुमार एक व्यक्ति से छह लाख रुपये भारतीय मुद्रा मिली थी। जिसे उसने ठूठीबारी स्थित एक जनरल स्टोर पर बदलकर 10 लाख नेपाली मुद्रा में परिवर्तित कराया और नेपाल लेकर जा रहा था। उसने दावा किया कि यह राशि करीब तीन माह पहले कबाड़ के लेन-देन का बकाया भुगतान है। हालांकि, वह बरामद मुद्रा से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने यह भी बताया कि वह नेपाल में बीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र है। मामले में बरामद नेपाली मुद्रा, बाइक और मोबाइल के साथ आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए निचलौल कस्टम को सुपुर्द कर दिया गया है।


