![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत साइबर थाना और सिंदुरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन बाल अश्लील सामग्री के अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, कंप्यूटर, फर्जी आधार कार्ड सहित अन्य डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि साइबर निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मिली सूचना के बाद 10 जुलाई 2026 को थाना सिंदुरिया क्षेत्र के कसमरिया गांव स्थित आरोपी अनुज पटेल के घर पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध रूप से बाल अश्लील सामग्री का प्रसार कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे Telegram और X (पूर्व में ट्विटर) पर फर्जी एवं गुप्त यूजर आईडी बनाकर बाल अश्लील फोटो और वीडियो का संग्रह करते थे तथा धनराशि के बदले विभिन्न लोगों को भेजते थे। अपनी पहचान छिपाने और नई सिम प्राप्त करने के लिए उन्होंने फर्जी पहचान पत्र भी तैयार कर रखे थे, जिनका इस्तेमाल साइबर गतिविधियों में किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप, एक सीपीयू, एक माउस, तीन डाटा केबल, एक इलेक्ट्रिकल एक्सटेंशन बोर्ड, एक फर्जी आधार कार्ड तथा 12 आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के स्क्रीनशॉट बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश शर्मा पुत्र अमरजीत शर्मा, अरुण गौड़ पुत्र राजेंद्र गौड़, अनुज पटेल पुत्र ब्रम्हानंद पटेल तथा दिनेश गौड़ पुत्र सीताराम के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना सिंदुरिया क्षेत्र के कसमरिया गांव के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


