![]()

पुलिस के गिरफ्त में आरोपी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवा पुलिस ने एक अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, 5,120 नेपाली रुपये तथा 630 भारतीय रुपये बरामद किए हैं। आरोपी की निशानदेही पर नौतनवा, फरेंदा और पुरंदरपुर थाना क्षेत्रों में दर्ज तीन वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर नौतनवा पुलिस ने एसएसबी रोड स्थित डंडा नदी पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह डुप्लीकेट चाबी की मदद से मोटरसाइकिलों का लॉक खोलकर चोरी करता था और उन्हें भारत-नेपाल सीमा पार ले जाकर ऊंचे दामों में बेच देता था। नेपाल में एक बाइक बेचने के एवज में मिले 5,120 नेपाली रुपये भी उसके पास से बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिराम गुप्ता उर्फ डॉक्टर, निवासी ग्राम सोनरा, थाना कोतवाली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ महराजगंज और गोरखपुर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामद मोटरसाइकिलों के आधार पर थाना नौतनवा, फरेंदा और पुरंदरपुर में दर्ज तीन वाहन चोरी के मुकदमों का सफल अनावरण हुआ है। पुलिस वाहनों का सत्यापन कर उन्हें संबंधित स्वामियों को सुपुर्द करने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में नेपाल में चोरी की बाइक खरीदने वालों तथा उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन सूचनाओं के आधार पर सीमा पार सक्रिय वाहन तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से वाहन पार्क करते समय डबल लॉक का प्रयोग करने, सीसीटीवी युक्त स्थानों पर वाहन खड़ा करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


