Advertisement

नगर पंचायत निचलौल में सियासी गतिरोध खत्म, सभासदों के इस्तीफे खारिज

Loading

Maharajganj kabhar live 
निचलौल। नगर पंचायत निचलौल में पिछले कई दिनों से चल रहा सियासी गतिरोध सोमवार को समाप्त हो गया। नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी सभासद एक मंच पर आए। लंबी चर्चा के बाद आपसी मतभेद भुलाकर नगर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया। साथ ही सभासदों की ओर से पूर्व में दिए गए इस्तीफों को सर्वसम्मति से खारिज कर दिया गया।
बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं, विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों और विभिन्न चिंताओं को विस्तार से रखा। अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का संचालन पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और जनहित की भावना के अनुरूप किया जा रहा है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।
विचार-विमर्श के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि भविष्य में किसी भी प्रकार के मतभेद का समाधान आपसी संवाद और विश्वास के माध्यम से किया जाएगा। सभासदों ने कहा कि व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर नगर के विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करना समय की आवश्यकता है। इसी सहमति के आधार पर सभी इस्तीफों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं को सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से गति देने का भी निर्णय लिया गया। सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था सहित जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर भी सहमति बनी, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक के अंत में अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने कहा कि नगर पंचायत का प्रत्येक जनप्रतिनिधि एक परिवार का सदस्य है। जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए सभी मिलकर निचलौल को विकास और सुशासन का आदर्श नगर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया ‘मुन्ना’, सभासद महातम यादव, संजय पांडेय, मनीष खड़कियां, अजीत यादव ‘भोलू’, साबिर अली, दशरथ प्रसाद, धीरज विश्वकर्मा तथा सभासद प्रतिनिधि जय सिंह यादव, अभिषेक सिंह, आबिद अली, महेश मद्धेशिया, अनिल कसौधन, अनिल कन्नौजिया सहित अन्य मौजूद रहे।
error: Content is protected !!