![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। तहसील सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को योजना की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल के प्रतिनिधि एवं नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी और उपचार के दौरान आर्थिक बोझ कम होगा।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया तथा उन पर आश्रित परिवार के सदस्यों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे हजारों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में 1200 रुपये की धनराशि भी हस्तांतरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह राशि विद्यार्थियों की शैक्षिक आवश्यकताओं, जैसे यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए प्रदान की गई है।
उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों और कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। जिससे वे अधिक निष्ठा और उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी निचलौल आनंद मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी सिसवा बंशीधर सिंह, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइये तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


