Advertisement

तीन माह का राशन नहीं मिलने पर फूटा गुस्सा, पंचायत भवन पर कार्डधारकों का प्रदर्शन

Loading

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। विकास खंड मिठौरा की ग्राम सभा दरहटा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की अनियमितताओं को लेकर बुधवार को अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीण पंचायत भवन पर एकत्र हुए और कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तीन माह का बकाया राशन दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक अप्रैल, मई और जून माह का राशन नहीं मिलेगा, तब तक जुलाई माह का खाद्यान्न स्वीकार नहीं करेंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि अप्रैल, मई और जून माह का राशन वितरित किए बिना ही ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाकर सरकारी रिकॉर्ड में वितरण दर्शा दिया गया। उनका कहना है कि तीन माह से खाद्यान्न नहीं मिलने के कारण कई गरीब परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है, जबकि विभागीय अभिलेखों में राशन वितरण पूर्ण दिखाया जा चुका है।
प्रदर्शन के दौरान पंचायत भवन परिसर में ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कोटेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि बिना राशन दिए वितरण दर्शाना सरकारी व्यवस्था और गरीबों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ है।
प्रदर्शन में प्रधान प्रतिनिधि मनीष पासवान, विजय प्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान फूलमती, सुभागिन, सोनपतिया, ईश्रावती, जड़वती, ममता, जानकी, श्रीजावती, रेनू, कमलावती, सुनीता, हेवंती, चंदा, रंभा, गेना, तेरसी, अमरावती, संगीता, सुभाष, पानमती, नीतू, चंद्रावती, उर्मिला, शकुंतला, इंदु, सिंदुखा और फूलपत्ती समेत सैकड़ों कार्डधारकों ने प्रदर्शन में भाग लिया।
जांच के लिए पहुंचे खाद्य पूर्ति निरीक्षक
सूचना मिलने पर खाद्य पूर्ति निरीक्षक बालेश्वर मणि त्रिपाठी पंचायत भवन पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे कार्डधारकों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने मौके पर संबंधित अभिलेखों की जांच शुरू कराई।
खाद्य पूर्ति निरीक्षक बालेश्वर मणि त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में राशन वितरण में अनियमितता अथवा शिकायत की पुष्टि होती है तो संबंधित कोटेदार के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
error: Content is protected !!