![]()

निचलौल में ई रिक्शा से होता मुनादी
Maharajganj kabhar live
निचलौल। शहर में घरेलू गैस, डीजल और पेट्रोल की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए आपूर्ति विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग की ओर से शहर में मुनादी कराकर आम जनता और दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है, कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आपूर्ति निरीक्षक इंद्रभान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में गैस, डीजल और पेट्रोल की किसी प्रकार की कमी नहीं है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार अवैध तरीके से घरेलू गैस सिलेंडरों की बिक्री कर रहे हैं और साथ ही डीजल व पेट्रोल की कालाबाजारी में भी लिप्त पाए जा रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है। मुनादी के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडर बेचे जाते हुए पाया गया, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे ऐसे मामलों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि दोषियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर गैस के साथ ही डीजल और पेट्रोल भी ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने ऐसे तत्वों को चिन्हित करने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। आपूर्ति विभाग का कहना है कि कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।


