Advertisement

मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में पुलिस इलेवन बनी चैंपियन, मीडिया इलेवन को सात विकेट से हराया, पंकज सरोज बने ‘मैन ऑफ द मैच’

Loading

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। महंत अवेद्यनाथ मिनी स्टेडियम, बरवाकला में आयोजित मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में पुलिस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मीडिया इलेवन को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक मुकाबले में पुलिस टीम ने 106 रन के लक्ष्य को महज 7.3 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाए। टीम की ओर से अमित त्रिपाठी ने सर्वाधिक नाबाद 37 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने गेंदबाजी में भी दो विकेट हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘बेस्ट बैट्समैन’ का पुरस्कार दिया गया। वहीं अरविंद त्रिपाठी ने नाबाद 21 रन का योगदान दिया।
106 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस इलेवन ने शुरू से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। पंकज सरोज ने विस्फोटक अंदाज में नाबाद 60 रन की पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
गेंदबाजी में अनीश ने तीन ओवर में मात्र 15 रन देकर दो विकेट हासिल किए और ‘बेस्ट बॉलर’ का पुरस्कार जीता। सतीश को उत्कृष्ट क्षेत्ररक्षण के लिए ‘बेस्ट फील्डर’ तथा विवेक यादव को शानदार विकेटकीपिंग के लिए ‘बेस्ट विकेटकीपर’ के सम्मान से नवाजा गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह रहे। मैच आयोजक प्रतिनिधि एवं ग्राम प्रशासक अशुतोष सिंह ने खिलाड़ियों का स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने खिलाड़ियों की खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग का बेहतर माध्यम बताया।
मुकाबले का संचालन अंपायर शाबी जाफरी और अभिषेक जोशुआ ने किया, जबकि अबान जाफरी ने स्कोरर की जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा, परसा मलिक एवं बरगदवा थाने के प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों ने रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद लिया।
error: Content is protected !!