![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। थाना क्षेत्र के ग्राम शीतलापुर टोला ढेसो में शनिवार रात तेंदुए के हमले में एक 18 वर्षीय युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पीआरवी और पुलिस मौके पर पहुंची। उसके बाद घायल युवक को पुलिस लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने घायल युवक का इलाज शुरू कर दी। कुछ देर बाद युवक के स्वास्थ्य में सुधार होने पर दवा देकर घर भेज दिया गया।वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब आठ बजे डायल 112 पीआरवी को सूचना मिली कि ग्राम शीतलापुर में एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पीआरवी और पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पता चला कि ग्राम शीतलापुर टोला ढेसो निवासी हृदेश राजभर (18) पुत्र मुंद्रिका पर गांव के समीप तेंदुए ने पीछे से झपट्टा मार दिया। हमले में युवक की पीठ पर हल्की खरोंचें आईं थी। थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया की घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई है। ऐसे में आवश्यक उपचार और दवाएं देने के बाद उसे परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है।वही घटना के बाद ग्रामीणों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात के समय खेतों और जंगल की ओर अकेले जाने से बचें तथा तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।


