नेपाल में मूसलाधार बारिश से महराजगंज में बाढ़ का खतरा, गंडक में छोड़ा गया 2.86 लाख क्यूसेक पानी-VIDEO

देश ब्रेकिंग न्यूज़ राज्य

Loading

नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते लोग
Maharajganj khabar live
महराजगंज। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब महराजगंज में भी दिखाई देने लगा है। नेपाल से निकलने वाली नारायणी नदी (गंडक) का जलस्तर शनिवार को तेजी से बढ़ रहा है। गंडक बैराज से सोमवार दोपहर 12 बजे तक नारायणी नदी में करीब 2 लाख 86 हजार 800 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। हालांकि, फिलहाल नारायणी नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। नदी में करीब 3 लाख 70 हजार क्यूसेक पानी की क्षमता बताई जा रही है। पानी के लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।
महराजगंज जिले में भी पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। नेपाल में हो रही भारी बारिश और गंडक बैराज से बढ़े पानी के डिस्चार्ज के बाद निचलौल और सोहगीबरवा क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीण नदी और आसपास के नालों के बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंतित हैं। प्रशासन की ओर से नदी किनारे की बस्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों और राजस्व कर्मियों की टीमें नदी तथा नालों के किनारे बसे इलाकों का जायजा ले रही हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी लगातार संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं। नदी और नालों के किनारे बसे गांवों में हालात पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर में होने वाले बदलाव की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नेपाल में बारिश जारी रहने की स्थिति में गंडक नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में नदी किनारे बसे गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है।