Advertisement

खोष्टा ग्राम पंचायत में भुगतान घोटाले की आशंका: दूसरे फर्म के बिल पर दूसरे फर्म को 4.17 लाख का भुगतान

Loading

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के मिठौरा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खोष्टा में वित्तीय अनियमितता और विभागीय लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम पंचायत में भुगतान प्रक्रिया के दौरान एक फर्म के बाउचर और दस्तावेजों का उपयोग कर दूसरी फर्म को भुगतान कर दिया गया है। इससे सरकारी धन के उपयोग पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत में किए गए भुगतान से संबंधित दस्तावेजों की जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है। भुगतान फाइल में संलग्न बाउचर पर दर्ज मेसर्स अन्नू इंटरप्राइजेज के नाम को पेन से काटकर उसके स्थान पर गणेश ट्रेडर्स लिख दिया गया। इसके बाद इसी आधार पर कुल 4,17,819 रुपये का भुगतान भी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
दस्तावेजों में कथित तौर पर की गई इस हेराफेरी ने ग्राम पंचायत की वित्तीय कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के भुगतान किए जाने से सरकारी नियमों की अनदेखी हुई है। फिलहाल मामले को सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों में भी हलचल मच गई है। पूरे प्रकरण को लेकर ग्राम पंचायत सचिव की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं विभागीय जवाबदेही को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
इस संबंध में मिठौरा के खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
error: Content is protected !!