Advertisement

नहर में डूबा 13 वर्षीय इकलौता बालक, तलाश में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम

Loading

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। जिले के सिंदूरिया थाना क्षेत्र के सेमरा ढाला गांव के सामने से गुजर रही देवरिया शाखा नहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जगदौर गांव निवासी संतोष विश्वकर्मा का 13 वर्षीय पुत्र रितेश विश्वकर्मा मवेशियों को चराने के लिए नहर पटरी पर गया था। इसी दौरान वह मवेशियों के साथ नहर में उतर गया और तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रितेश नहर में उतरने के कुछ ही देर बाद पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिंदूरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम नहर में लगातार बालक की तलाश कर रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक रितेश का कोई सुराग नहीं मिल सका था। टीम नहर के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
रितेश अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बेटे के अचानक लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल व्याप्त है।
इस संबंध में सिंदूरिया थाना प्रभारी निरीक्षक विशाल शुक्ला ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से बच्चे की तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि नहर में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और बच्चे की खोज के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
error: Content is protected !!