![]()

बैठक करते नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया
Maharajganj kabhar live
निचलौल। ठूठीबारी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान नगर पंचायत निचलौल क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हुई पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत एवं नई पाइपलाइन स्थापना को लेकर गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने की।
बैठक में सड़क चौड़ीकरण के चलते प्रभावित पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने तथा नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत और नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सड़क निर्माण कार्यदाई संस्था के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि समन्वय के साथ कार्य करते हुए पेयजल व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा निर्माण कार्य के साथ-साथ पाइपलाइन संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
बैठक में अधिशासी अधिकारी विकास कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता अनूप सिंह, अवर अभियंता इसहाक अंसारी व सड़क निर्माण कार्यदायी संस्था एटलस के प्रोजेक्ट मैनेजर अजीत सिंह, डीपीएम शिवेंद्र यादव, पाइपलाइन इंचार्ज अमन कुमार, वरिष्ठ लिपिक मोहन लाल व टैक्स बाबू अवधेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


