Advertisement

मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न, आपत्तिजनक पोस्ट व हथियारों के प्रदर्शन पर रहेगी कड़ी नजर

Loading

बैठक आयोजित करते एसडीएम

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी 
झुलनीपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को निचलौल थाना क्षेत्र स्थित बहुआर पुलिस चौकी पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने की। इसमें दोनों समुदायों के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि सभी समुदायों के लोग शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के गैर-परंपरागत आयोजन अथवा नए जुलूस की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट एवं समय-सारिणी का पालन अनिवार्य रहेगा। उन्होंने कहा कि जुलूसों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा ताजियों की ऊंचाई भी तय मानकों के भीतर रखी जाए। पर्व के दौरान ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे किसी अन्य समुदाय की भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रशासन और पुलिस की विशेष नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मोहर्रम जुलूस के दौरान हथियारों का प्रदर्शन भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
थाना प्रभारी अंकित सिंह ने दोनों समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग नियमों एवं अनुशासन का पालन करें तथा किसी नई परंपरा की शुरुआत न करें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का भी आग्रह किया। बैठक में उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। सभी ने आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने तथा प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक के उपरांत प्रशासनिक अधिकारियों ने मिश्रौलिया एवं झुलनीपुर में ताजिया जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अमरनाथ यादव, भास्कर शर्मा, राम प्रवेश, अख्तर हुसैन, छबिलाल भारती, नन्हे शेख, मुस्तफा, जमालुद्दीन, मैनुद्दीन, सिराजुद्दीन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
error: Content is protected !!