Advertisement

बिजली बिल बकायेदारों पर विभाग का शिकंजा, 10 हजार से अधिक बकाया वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Loading

बकायेदारों की जांच करते कर्मी

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। जिले में बिजली बिल की बकाया वसूली को लेकर विद्युत विभाग पूरी तरह सख्ती के मूड में आ गया है। विभाग के कड़े रुख से बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह ने जिले के चारों डिवीजन के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया है कि प्रत्येक गांव में प्रतिदिन विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत बकाया बिल की वसूली सुनिश्चित की जाए। अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन उपभोक्ताओं पर 10 हजार रुपये या उससे अधिक का बिजली बिल बकाया है, उनसे तत्काल भुगतान कराया जाए। यदि उपभोक्ता भुगतान में सहयोग नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।
36 करोड़ का लक्ष्य, अब तक सिर्फ 8 करोड़ की वसूली
जिले में वर्तमान समय में लगभग 4 लाख 70 हजार पंजीकृत बिजली उपभोक्ता हैं। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक द्वारा जून माह के लिए महराजगंज जिले को 36 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य दिया गया है। हालांकि जून के 18 दिन बीत जाने के बाद भी विभाग केवल 8 करोड़ रुपये की ही वसूली कर सका है। लक्ष्य और उपलब्धि के बीच बड़े अंतर को देखते हुए विभाग ने अब अभियान को और तेज कर दिया है।
450 डिफॉल्टरों के कनेक्शन कटे, आरसी की चेतावनी
बिजली बिल जमा करने में लापरवाही बरतने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। विभाग अब तक जिले भर में 450 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट चुका है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बकाया जमा नहीं किया गया तो आरसी जारी कर वसूली की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बैदा गांव में चला विशेष अभियान, मौके पर जमा हुए 6 लाख रुपये
बृहस्पतिवार को सब स्टेशन मुजुरी के अवर अभियंता राकेश कुमार के नेतृत्व में विद्युत कर्मियों की टीम ने बैदा गांव में विशेष चेकिंग एवं वसूली अभियान चलाया। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं से मौके पर ही करीब 6 लाख रुपये का बकाया बिजली बिल जमा कराया गया।
उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील
आनंदनगर द्वितीय के अधिशासी अभियंता ई. चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि विभागीय टीमें लगातार गांव-गांव जाकर वसूली अभियान चला रही हैं। इसके बावजूद कुछ उपभोक्ता बिल भुगतान में लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया बिजली बिल जमा कर दें, ताकि कनेक्शन विच्छेदन और कानूनी कार्रवाई जैसी असुविधाओं से बचा जा सके।
error: Content is protected !!