![]()

पुलिस के गिरफ्त में आरोपी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के फरेन्दा थाना क्षेत्र में बुधवार को अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार लगभग 10 कुंतल लहन को नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना फरेन्दा क्षेत्र के ग्राम भारी वैसी में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी और जांच के दौरान पुलिस को मौके से 25 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया लगभग 10 कुंतल लहन भी मिला, जिसे आबकारी अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश यादव पुत्र पांचू यादव निवासी सरपतहा पक्का कुआं, पुष्पा पुत्री बाबूराम निवासी मोतीगंज तथा निशा पत्नी रामबरन पटेल निवासी कटहिया, थाना कैम्पियरगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फरेन्दा थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।


