![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। क्षेत्र स्थित मनु लॉ कॉलेज में रविवार को स्थापना दिवस बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के निदेशक डॉ. दिनेश कुमार सिंह द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गई। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा। पाठ समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि आज ही के दिन कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि पूजन एवं नींव पूजन किया गया था। उन्होंने कहा कि मनु लॉ कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है और प्रत्येक वर्ष नई उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने आगे बताया कि कॉलेज का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज में कानून के प्रति जागरूकता फैलाना भी है।
डॉ. सिंह ने कहा कि कॉलेज द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को उनके अधिकारों और कानूनी दायित्वों के प्रति जागरूक किया जाता है। स्थापना दिवस समारोह में कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

