![]()

बाबा साहेब की जयंती पर निकला जुलूस और आयोजित कार्यक्रम
Maharajganj kabhar live
निचलौल। शहर से लेकर भारत नेपाल बार्डर के सीमावर्ती इलाकों में भी मंगलवार को डॉ० भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया। इन जुलूसों में पुरुषों के साथ ही काफी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। जुलूस भी युवाओं ने बाबा साहब अमर रहे और जय भीम के नारे लगाए। इससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर निचलौल और मधवलिया वन रेंज के साथ ही नगर पंचायत कार्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को याद किया गया।
नगर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित संविधान का निर्माण कर समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त किया। उन्होंने भेदभाव और छुआछूत को खत्म करते हुए समाज के सभी वर्गों को समानता का अधिकार दिलाया है। वही निचलौल वन रेंज कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने कहा कि बाबा साहब की वजह से ही समाज के सभी वर्गों को पढ़ने का अधिकार मिला। उन्होंने देश के सभी वर्गों के बीच आपसी भाईचारा कायम करते हुए शोषितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को समानता का अधिकार दिया। उन्होंने ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। वही कामरेड महेश कुमार गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की देन है कि आज सभी लोगों को वोट देने का अधिकार मिला है। संविधान बनने से पहले ‘रानी के पेट से राजा पैदा होता था’, लेकिन अब देश के हर व्यक्ति को वोट देकर अपना प्रतिनिधि चुनने का अधिकार प्राप्त है।


