![]()

जांच पड़ताल करती पुलिस
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के धरमौली टोला डूमरभार में बृहस्पतिवार को एक महिला का शव गांव के सामने स्थित जंगल में पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार घरेलू विवाद के बाद महिला घर से चली गई थी। अगले दिन उसका शव जंगल में मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
सूत्रों के मुताबिक फूलमती देवी पत्नी इंद्रजीत का बुधवार शाम घरेलू कार्यों को लेकर पति से विवाद हो गया था। परिजनों का कहना है कि विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई थीं। बृहस्पतिवार ग्रामीणों ने नाथनगर बीट जंगल में उनका शव साड़ी के फंदे के सहारे पेड़ से लटका देखा तो हड़कंप मच गया। फिर वह लोग इसकी सूचना ग्राम प्रधान व पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चौक पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस संबंध में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष पटेल के अनुसार मृतका के ससुर की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।


