![]()

हादसे में क्षतिग्रस्त कार
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के चौक बाजार से महराजगंज जाने वाली मुख्य सड़क पर वृहस्पतिवार को तेज आंधी के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक आए तेज आंधी के बीच सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय पेड़ चलती कार पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आंधी के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिससे वह अचानक सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा और लोग प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने की चर्चा करते रहे।


