![]()

कार्रवाई करती पुलिस टीम
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित एवं फरार अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत परसामलिक पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विजयलाल यादव के घर न्यायालय के आदेश पर दुग्गी मुनादी की कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक थाना परसामलिक क्षेत्र के ग्राम घोडहवा में पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपी के घर पहुंचकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति में न्यायालय द्वारा जारी धारा 84 बीएनएस के तहत नोटिस भी आरोपी के आवास पर चस्पा किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए घोषणा के माध्यम से बताया कि संबंधित आरोपी लंबे समय से न्यायालय एवं पुलिस की कार्रवाई से बचता फिर रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। उद्घोषणा की पूरी प्रक्रिया गवाहों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई तथा इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।
परसामलिक पुलिस ने कहा कि अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून से बचने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इतना ही नहीं न्यायालय के आदेशों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा।


