Loading

बैठक के उपस्थित अधिकारी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने की, जिसमें परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह शुचितापूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद रहे। साथ ही किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि, गड़बड़ी अथवा नकल के प्रयास पर तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग और अन्य अवैध तरीकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों, कर्मचारियों अथवा पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की यह पहल शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप परीक्षा की गरिमा, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
error: Content is protected !!