![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। निचलौल ब्लॉक में विज्ञापन के नाम पर कथित रूप से कुछ चुनिंदा अखबारों को धनराशि दिए जाने का मामला सामने आने के बाद पत्रकारों के बीच आक्रोश बढ़ गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक चयनित अखबार को विज्ञापन के नाम पर करीब 10 हजार रुपये की राशि दिए जाने की चर्चा है। आरोप यह भी है कि धनराशि के वितरण के बाद संबंधित लोगों को मामले को अन्य पत्रकारों के सामने उजागर न करने की नसीहत दी गई।
सूत्रों का दावा है कि कथित रूप से यह रकम एडीओ पंचायत कार्यालय से वितरित की गई। हालांकि, मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। जैसे ही इस कथित धन वितरण की जानकारी अन्य पत्रकारों तक पहुंची, ब्लॉक प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि विज्ञापन के नाम पर धनराशि जुटाई गई थी तो उसका वितरण किन समाचार पत्रों या प्रतिनिधियों के बीच किया गया? क्या इसके लिए कोई निर्धारित प्रक्रिया अपनाई गई थी और क्या भुगतान का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध है? इन्हीं सवालों को लेकर पत्रकारों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
मामले को लेकर एडीओ पंचायत गुड्डू प्रसाद ने आरोपों से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि किसी को भी विज्ञापन के नाम पर रुपये का वितरण नहीं किया गया है। उनके इस बयान के बाद मामला और भी सवालों के घेरे में आ गया है।


