Advertisement

मनरेगा में फर्जी हाजिरी का आरोप, काम खत्म होने के बाद भी 45 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज

Loading

सड़क पर उगी घास

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के बजहा गांव में मनरेगा योजना के तहत कराए गए चकबंद कार्य में मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्य पूर्ण होने के बावजूद मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर सरकारी धन के बंदरबांट की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गांव के सिवान स्थित शिव नारायण के खेत से पश्चिम सुदामा के खेत तक चकबंद कार्य कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त कार्य लगभग एक सप्ताह पहले ही पूरा हो चुका है और मौके पर अब किसी प्रकार का निर्माण या खुदाई कार्य नहीं चल रहा है। इसके बावजूद मनरेगा अभिलेखों में रविवार को 45 मजदूरों की हाजिरी दर्ज किए जाने की चर्चा है।
ग्रामीणों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि कार्यस्थल पर पिछले कई दिनों से कोई मजदूर काम करते नहीं देखा गया है। वहीं, सड़क और कार्यस्थल पर उगी घास इस बात की गवाही दे रही है कि वहां काफी समय से कोई गतिविधि नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदारों की मिलीभगत से कागजों पर मजदूरों की उपस्थिति दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
मामले को लेकर जब रोजगार सेवक जय गिरीश से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय मामले से पल्ला झाड़ते हुए सटीक जानकारी देने से बचने का प्रयास किया। इससे ग्रामीणों की शंकाएं और गहरा गई हैं।
ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच कराई जाए तो फर्जी हाजिरी और भुगतान से जुड़ी अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उक्त प्रकरण को जांच कराने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
error: Content is protected !!