![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के निचलौल तहसील क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से डीजल की फुटकर बिक्री करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी के पास से 120 लीटर डीजल बरामद किया गया। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुलिस को संदिग्ध रूप से बड़ी मात्रा में डीजल ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस ने अहिरौली ग्राम निवासी प्रेम सागर गुप्ता (25 वर्ष) को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 120 लीटर डीजल बरामद हुआ। पुलिस द्वारा इतनी बड़ी मात्रा में डीजल ले जाने का कारण पूछे जाने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी बाजार से डीजल खरीदकर उसे फुटकर में अधिक कीमत पर बेचने का काम करता था। इससे सरकारी नियमों का उल्लंघन होने के साथ ही कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पूर्ति निरीक्षक निचलौल ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध तेल कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।


