![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार को जिले भर में सघन अभियान चलाकर 71 वाहनों को सीज किया है। इनमें ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर, जेसीबी, लोडर और ट्रक शामिल हैं। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़े स्तर पर अभियान चलाया। नदी तटों, खनन प्रभावित इलाकों और निर्माणाधीन क्षेत्रों में विशेष चेकिंग और छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 71 वाहनों को सीज किया गया। इनमें 45 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 12 लोडर, 4 जेसीबी मशीन, 7 डंपर, एक ट्रक, एक पिकअप और एक दोपहिया वाहन शामिल है।
जांच के दौरान वाहन चालकों और मालिकों से खनन अनुमति पत्र, परिवहन दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात मांगे गए, लेकिन कई वाहन चालक संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने अवैध खनन और परिवहन की पुष्टि होने पर सभी वाहनों के खिलाफ सीज की कार्रवाई करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
अभियान के दौरान कई संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी भी रखी गई। अधिकारियों ने साफ कहा कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि अवैध खनन से सरकार को राजस्व की हानि होती है और पर्यावरण पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

