![]()

जेएचवी शुगर मिल गेट पर प्रदर्शन करते श्रमिक
Maharajganj kabhar live
निचलौल। क्षेत्र स्थित जेएचवी शुगर मिल गड़ौरा में कार्यरत मजदूरों का चार माह से वेतन बकाया है। ऐसे में आक्रोशित शुगर मिल के श्रमिकों ने सोमवार को मिल में चल रही चीनी लोडिंग कार्य को बंद करा दी। उसके बाद मजदूरों ने शुगर मिल परिसर में प्रदर्शन करते हुए जल्द भुगतान कराने की मांग करने लगे। प्रदर्शन का नेतृत्व मजदूर संघ के अध्यक्ष नवल किशोर मिश्र ने की। मजदूरों के आक्रोश को देख शुगर मिल के अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।
शुगर मिल में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि पिछले चार महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है। इसके चलते उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो चुका है। क्योंकि परिवार चलाने, बच्चों की पढ़ाई, दवा और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। कई मजदूरों ने बताया कि लगातार मिल प्रबंधन से भुगतान की मांग की जा रही है। लेकिन कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे नाराज होकर मजदूरों ने चीनी की लोडिंग बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जबकि मजदूर संघ के अध्यक्ष नवल किशोर मिश्र ने कहा कि मजदूर मिल की रीढ़ होते हैं। लेकिन उनकी समस्याओं को लगातार नजर अंदाज किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों को वेतन भुगतान के लिए अवगत कराया गया। बावजूद इसके मजदूरों की परेशानियों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मजदूर अब आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। फिलहाल मजदूर मिल परिसर में डटे हुए हैं और भुगतान होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।


