![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली कस्बे में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बंद पड़े एक अस्पताल के बाहर करीब 45 वर्षीय नेपाली युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के सिर और मुंह पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत सोनौली में निरंजना होटल के सामने स्थित बंद पड़े अस्पताल के बाहर स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष प्रतीत होती है और प्रथम दृष्टया वह नेपाली नागरिक लग रहा है। उसके सिर और मुंह पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस के अनुसार, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है और पिछले कई दिनों से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में घूमता देखा जाता था। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

