![]()
रिपोर्ट, पुनीत कुमार पांडेय
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक शख्स को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से बड़ा चाकू बरामद हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम खालिद मिल्ली स्कूल से पिपरिया जाने वाले मार्ग पर नहर के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर असहज हो गया। इतना ही नहीं वहां तेजी से आगे बढ़ने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके पास से एक बड़ा चाकू मिला। चाकू के संबंध में कोई वैध कागजात न दिखा पाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई पूरी करते हुए युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। बाद में परिजनों के आने पर जमानत की प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को मुचलके पर छोड़ दिया गया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए इस तरह का चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।


