![]()

निचलौल। क्षेत्र के बीजापार में पोखरी पर अवैध कब्जा को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा है। ऐसे में लोगों ने शनिवार को तहसील पहुंच जिम्मेदारों के खिलाफ पहले नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उसके बाद एसडीएम को शिकायती पत्र देकर पोखरी से अवैध अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
तहसील पर प्रदर्शन कर रहे बीजापार निवासी गोरख, छोटू, विजय, रामु, मंजू, सिंगारी, दुलारी, रेखा, नीलम, गायत्री, अमरावती आदि लोगों ने बताया कि आबादी के बीच एक सार्वजनिक पोखरी है। जिसमें लोगों के घरों से निकलने वाले गंदा पानी जाता है। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते पोखरी कूड़ा कचड़े से भर चुका है। इतना ही नहीं पोखरी के कुछ हिस्सों पर अवैध तरीके से अतिक्रमण कर किया गया है। ऐसे में लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी पोखरी तक नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे पानी लोगों के घरों के सामने सड़कों पर जमा हो रहा है। जिसके चलते उन्हें संक्रमण की खतरा सता रहा है। हालांकि इस मामले में जिम्मेदारों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन जिम्मेदारों उनकी समस्याओं का समाधान कराना उचित नहीं समझे। ऐसे में अब उन लोगों को तमाम दुश्वारियों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
वही एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जिम्मेदारों को पोखरी की साफ सफाई कराने के साथ ही अवैध कब्जा हटवाने के लिए निर्देशित किया गया है।

