![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाले निचलौल तहसील क्षेत्र में एक विभाग में तैनात एक अधिकारी की करीब 40 लाख रुपये कीमत की इनोवा क्रिस्टा इन दिनों जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। लग्जरी गाड़ी को लेकर शुरू हुई चर्चा अब अधिकारी की आय और संपत्ति तक पहुंच गई है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतनी महंगी गाड़ी खरीदने के लिए धन का स्रोत क्या है और क्या यह खरीद उनकी घोषित आय के अनुरूप है?
बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी कई सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसी बीच उनकी महंगी गाड़ी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। जिले में कुछ लोग इस खरीद को योजनाओं में कथित कमीशनखोरी से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नही हुई है, न ही महराजगंज खबर लाइव न्यूज वेव पोर्टल इसे पुष्टि कर रहा है।
जबकि करीब 40 लाख रुपये की गाड़ी की खरीद ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि अधिकारी की आय और संपत्ति का आकलन किए बिना इन सवालों पर किसी निष्कर्ष तक पहुंचना उचित नहीं होगा। गाड़ी की वास्तविक खरीद कीमत, उसके वित्तपोषण के तरीके और अधिकारी की घोषित आय से संबंधित तथ्यों की पड़ताल से ही स्थिति स्पष्ट हो सकती है। सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अधिकारियों पर होती है। ऐसे में किसी अधिकारी की महंगी संपत्ति को लेकर सवाल उठने पर संबंधित तथ्यों की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण हो जाती है। हालांकि, केवल महंगी गाड़ी के आधार पर भ्रष्टाचार या आय से अधिक संपत्ति का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
दस्तावेजों की पड़ताल से साफ होगी तस्वीर
फिलहाल, महंगी गाड़ी और अधिकारी की कमाई को लेकर जिले में चर्चाएं जारी हैं। मामले में वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए गाड़ी की खरीद से जुड़े दस्तावेजों, आय के घोषित स्रोतों और संपत्ति संबंधी उपलब्ध अभिलेखों की पड़ताल जरूरी है। यदि सरकारी योजनाओं में अनियमितता या आय से अधिक संपत्ति के संबंध में कोई ठोस साक्ष्य सामने आते हैं, तो सक्षम प्राधिकारी द्वारा निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आ सकती है।


