![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। सोहगीबरवा वन क्षेत्र में बीते दिनों आई बाढ़ से पीड़ितों को राहत दिलाने में जुटे राजस्वकर्मियों और अधिकारियों के सामने अब वन्यजीव का भी डर सताने लगा है। क्योकि राहत सामग्री को पीड़ितों तक पहुचाने में जुटे निचलौल नायब तहसीलदार के वाहन के सामने अचानक हिंसक वन्यजीव टाइगर आ गया। वाहन की रोशनी में टाइगर को सामने देखकर चालक समेत वाहन में सवार अन्य लोगों का कुछ देर के लिए होश उड़ गए। टाइगर के रास्ते से हटने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
निचलौल तहसील क्षेत्र के सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोतहा गांवों में बीते दिनों आई बाढ़ के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत सामग्री पहुंचाने के साथ ही सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
नायब तहसीलदार पीयूष कुमार जायसवाल ने बताया कि सोहगीबरवा से बिहार के नौरंगिया जाने के दौरान देर शाम रास्ते में यह घटना हुई। सोहगीबरवा समेत अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए राहत सामग्री बिहार के नौरंगिया में रखी गई है। दुर्गम रास्ते के कारण वहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से राहत सामग्री गांवों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि शाम को राहत सामग्री वाहन पर लोड कराने के बाद वह नौरंगिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जंगल के रास्ते में अचानक वाहन की हेडलाइट के सामने टाइगर आ गया। कुछ क्षण के लिए वाहन में सवार सभी लोग सहम गए। टाइगर कुछ देर रास्ते में रहने के बाद जंगल की ओर चला गया। इसके बाद चालक ने वाहन को धीमी गति से आगे बढ़ाया। बाढ़ के बाद सोहगीबरवा क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियां भी लोगों के साथ ही ड्यूटी में तैनात कर्मियों और अधिकारियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं।


