![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। निचलौल-चिउटहा मार्ग पर खोन्हौली गांव के सामने शुक्रवार को अचानक एक विशालकाय जामुन का पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। गनीमत रही कि जिस समय पेड़ सड़क पर गिरा, उस दौरान वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े सात बजे अचानक पेड़ सड़क की ओर भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ की विशाल डालियां सड़क के दोनों ओर फैल गईं। जिससे निचलौल और चिउटहा की ओर आने-जाने वाले वाहनों का रास्ता बंद हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने पेड़ को हटाने के लिए संबंधित विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के काफी समय बाद तक जिम्मेदार नहीं पहुँचे। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई। मार्ग बाधित होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों को मजबूरी में वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे खड़े पुराने और विशाल पेड़ों की समय-समय पर जांच होनी चाहिए। ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल पेड़ को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल कराने तथा सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों का सर्वे कराने की मांग की है।


