![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। क्षेत्र स्थित हरिओम पैलेस में सोमवार को समाजवादी पार्टी की ओर से बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाजीपुर जिले के सदर विधायक जयकिशन साहू ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। बेरोजगारी, महंगाई और अपराध के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठाने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन की मजबूती को जीत की पहली सीढ़ी बताया।

सम्मेलन की अध्यक्षता सिसवा विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भैया ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कहा कि चुनाव में बूथ कमेटियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी।
कार्यक्रम के दौरान सपा के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के लोक गायक आलोक यादव ने गीतों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा। उनके गीतों पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। इससे सम्मेलन का माहौल जोश और उत्साह से भर गया। कार्यक्रम का संचालन दीनबंधु उर्फ दीपू यादव ने किया।
इस दौरान अमित चौबे, रामलाल यादव, विनोद यादव, जीके साहू, केएन यादव और सोहनलाल गुप्ता समेत कई सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया। सम्मेलन में बबलू भारती, बोरिक, जवाहर लाल साहू, अभय प्रताप, ऋषिकेश यादव, गुड्डू गुप्ता, दीननाथ गुप्ता, बेचई गुप्ता, रामचंद्र गुप्ता, ब्रह्मानंद पटेल, ईश्वरचंद पटेल समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

