Loading

घटना के बाद लोगों की जुटी भीड़
Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। जिले में बागापार पुलिस चौकी क्षेत्र के टोला नदुवा गांव में सोमवार को एक 19 वर्षीय इंटर के छात्र का शव गांव के पश्चिम स्थित पोखरे के पास आम के पेड़ से प्लास्टिक के पट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान संगम चौहान (19) पुत्र रमेश चौहान निवासी टोला नदुवा के रूप में हुई है। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। सुबह ग्रामीणों ने पोखरे के पास आम के पेड़ से शव लटका देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर बागापार पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता रमेश चौहान ने बताया कि बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
error: Content is protected !!