Loading

Maharajganj kabhar live
निचलौल। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल वन रेंज अंतर्गत ढेसो पुल के पास तेंदुए की दहशत लगातार बनी हुई है। पिछले महज कुछ दिनों के भीतर तेंदुआ कई बार राहगीरो पर हमला कर घायल कर चुका है। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। वही स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में रात के समय गश्त तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में लगातार जंगल और आसपास की झाड़ियों की निगरानी कर रही है। हालांकि अब तक तेंदुए की कोई स्पष्ट गतिविधि या मौजूदगी का पता नहीं चल सका है। इसके बावजूद विभाग किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहा है और संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरत रहा है। तेंदुए को बस्तियों की ओर आने से रोकने के लिए रात के समय पटाखे भी छोड़े जा रहे हैं। ताकि तेज आवाज से वन्यजीव आबादी से दूर रहे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह एहतियाती कदम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया जा रहा है।
निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि ढेसो पुल के आसपास वन कर्मियों की टीम लगातार रात में गश्त कर रही है। घटनास्थल के आसपास की झाड़ियों और संभावित ठिकानों में भी तेंदुए की तलाश की जा रही है। लेकिन अभी तक उसके मूवमेंट का कोई ठोस संकेत नहीं मिला है। उन्होंने आगे कहा कि आबादी की ओर तेंदुए के प्रवेश को रोकने के लिए पटाखे छोड़े जा रहे हैं और ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। लोगों से अपील है कि वे रात के समय अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं। बच्चों को अकेले बाहर न भेजें तथा किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दें।
error: Content is protected !!