![]()

सड़क पर उतर प्रदर्शन करते कार्यकर्ता
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। यूपी की सियासत में अखिलेश यादव और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरम हो चुका है। क्योंकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के संसदीय क्षेत्र महराजगंज जिले में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। कई स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जबकि कई सपा नेताओं को एहतियातन हाउस अरेस्ट किए जाने की भी खबर है।
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देर रात पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद महराजगंज जिले में राजनीतिक विरोध तेज हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिले के विभिन्न कस्बों और शहरों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।
सड़क पर उतर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। वही स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। महराजगंज के जिला मुख्यालय सहित कई शहरों में संवेदनशील चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करती रही।
प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए समाजवादी पार्टी के कई स्थानीय नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद यानी हाउस अरेस्ट कर दिया है। ताकि प्रदर्शन उग्र रूप न ले सके। हालांकि इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। नेताओं ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए और हिरासत की कार्रवाई की कड़ी निंदा कर रहे है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर राजनीतिक दल का अधिकार है।
फिलहाल पूरे जिले में पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी और शांति बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल जिले में सियासी माहौल पूरी तरह गर्म है। जिससे निपटने के लिए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है।


