![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। थाना क्षेत्र के ग्राम परागपुर के टोला ढेकावे में बरसात के पानी की निकासी को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने अपने जेठ, जेठानी सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इस मामले में गुरुवार को चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ग्राम परागपुर के टोला ढेकावे निवासी सितारा देवी, पत्नी भोपत प्रजापति ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि उनके पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब छह बजे बरसात के पानी की निकासी को लेकर उनके जेठ रामानंद, जेठानी साधना देवी, भतीजी संध्या तथा भतीजे मुन्ना से कहासुनी हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान चारों लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से उनकी पिटाई कर दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कराया। आरोप है कि जाते समय विपक्षी पक्ष ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर पर आरोपी रामानंद, साधन, संध्या और मुन्ना के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


