![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल वन क्षेत्र अंतर्गत चमनईया फार्म में मंगलवार को एक बार फिर गौर (भारतीय बाइसन) दिखाई देने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पिछले कई दिनों से वन क्षेत्र और उससे सटे इलाकों में गौर की लगातार मौजूदगी दर्ज की जा रही है। इसे देखते हुए वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में वन्यजीव के करीब न जाने की अपील की है।
मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम नियमित गश्त और वन्यजीवों की निगरानी के दौरान चमनईया फार्म पहुंची थी। जहां गौर दिखाई दिया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में इसे देखने की उत्सुकता भी रही। लेकिन वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि गौर एक विशालकाय और शक्तिशाली वन्यजीव है। सामान्य परिस्थितियों में यह इंसानों से दूर रहना पसंद करता है। लेकिन खतरा महसूस होने या घिर जाने पर आक्रामक हो सकता है। इसलिए ग्रामीणों को इसके नजदीक जाने, फोटो या वीडियो बनाने अथवा इसे भगाने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं और गौर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। यदि कहीं गौर दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।
वन विभाग की ओर से किसानों और ग्रामीणों से अपील किया जा रहा है कि सुबह-शाम खेतों या जंगल से सटे क्षेत्रों में अकेले जाने से बचें। बच्चों को भी वन क्षेत्र के आसपास नहीं भेजें।

